Saturday, July 27, 2024
Homeधर्मशालादेहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय खोलेगा अपनी खेल अकादमी

देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय खोलेगा अपनी खेल अकादमी

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) देहरा में अपनी खेल अकादमी खोलेगा। इसके लिए केंद्रीय युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय के साथ सीयू जल्द ही एमओयू साइन करेगा। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सेंटर खोलने के लिए भी सीयू प्रशासन पहल कर चुका है, जिसके चलते कई विदेशी छात्र-छात्राएं केंद्रीय विश्वविद्यालय में अध्ययन करने आ सकते हैं। यह जानकारी केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने दी।उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय जल्द ही अपनी खेल अकादमी खोलने जा रहा है। सीयू को शोध, अध्ययन के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी अपनी पहचान मिले, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने केंद्रीय युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल मंत्रालय की ओर से सीयू के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने का फैसला लिया है।

एसपी बंसल ने कहा कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में देहरा और धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय के परिसरों का काम शुरू होगा। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया है कि सीयू का अपना एक बड़ा स्टेडियम बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खेल मंत्री राकेश पठानिया ने भी कहा है कि सीयू परिसर में विवि खेल अकादमी का निर्माण करवाया जाएगा, उसके लिए प्रदेश सरकार भी हरसंभव मदद करेगी। इस अकादमी में विद्यार्थियों और प्रदेश के युवाओं को खेलों के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीयू के धर्मशाला और देहरा परिसरों में अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सेंटर खोला जाएगा। इसमें छात्रावास भी बनाए जाएंगे, ताकि विदेशों से आने वाले छात्रों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में पदक जीतने की बढ़ेगी संभावनाएं
केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने कहा कि खेल अकादमी में सीयू के विद्यार्थियों के साथ सूबे के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे। इसके अलावा अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के बाद हिमाचल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली खेलों में पदक जीतने की संभावना भी बढ़ेगी।

Most Popular