Saturday, July 27, 2024
Homeराजनीतिपच्छाद विधानसभा क्षेत्र के पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार : जयराम ठाकुर

पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस जिम्मेदार : जयराम ठाकुर

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नारग में जनसभा को किया संबोधित

नाहन : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को नारग में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखे हमले किए। जयराम ठाकुर ने कहा कि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में 70 वर्षों में से 50 वर्षों तक कांग्रेस का ही राज रहा। उन्होंने कहा यहां से एक व्यक्ति को ही 7 बार विधायक चुना गया । मगर आज भी क्षेत्र की हालत बहुत दयनीय है। यह प्रदेश का सबसे पिछड़ा क्षेत्र हो सकता है। यहां पर लोग आज भी सड़क और पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में कांग्रेस का बीज ही खत्म हो चुका है। पूरे देश से कांग्रेस समाप्त हो चुकी है। देश में कांग्रेसियों को रोने की आदत बन चुकी है। चुनाव हारने के बाद कांग्रेसी कहते हैं कि ईवीएम में गड़बड़ी थी। चुनाव से पहले कहते हैं कि भाजपा आचार संहिता का उल्लंघन कर रही है ।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार चल रही है । पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में भी डबल इंजन की सरकार होगी। सांसद तो आपका है ही विधायक भी अब आपका होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह तो प्राइवेट गाड़ी में आ रहे हैं और सड़क से ही सफर कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने रीना कश्यप के लिए वोट अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग रीना को आशीर्वाद देकर विधायक बनाएं और क्षेत्र के विकास की चिंता ना करें। इस क्षेत्र की जो भी मांगे होंगी, उन्हें जल्द पूरा कर दिया जाएगा। आज वह घोषणा नहीं कर सकते। रीना कश्यप की जीत सुनिश्चित है, लेकिन रीना कश्यप की जीत ऐसी होनी चाहिए कि पूरे प्रदेश में भाजपा जशन बनाएगी।

इससे पहले जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकुर महेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा के त्रिदेव सम्मेलन में नारग आए थे, तो कुछ ही कार्यकर्ता थे। लेकिन आज 3000 कार्यकर्ताओं से यह पंडाल भरा पड़ा है। महेंद्र सिंह ने गंगूराम मुसाफिर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सात बार विधायक व मंत्री बनने के बावजूद भी आज क्षेत्र पिछड़ा है । लोग उनसे पेयजल योजना और सड़कों की मांग कर रहे हैं। महेंद्र सिंह ने कहा कि वह भी 7 बार के विधायक हैं। जब पहली बार विधायक बने तो उनके क्षेत्र में सड़क मात्र 42 किलोमीटर थी। आज 800 किलोमीटर सारी सड़कें पक्की है। महेंद्र सिंह ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के लिए 175 करोड़ की पेयजल योजनाएं सरकार द्वारा स्वीकृत की जा चुकी है। आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा की ऐतिहासिक जीत दर्ज करवाएं।

Most Popular