प्रशासन द्वारा लोगों से बेवजह यात्राओं से बचने की अपील
रेणुका गौतम, कुल्लू : मार्च माह में हिमाचल प्रदेश में अचानक हुई बर्फबारी से जहां शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है , वहीं ऊंचे पहाड़ों पर सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से दिक्कतें भी बढ़ गई हैं। बात अगर अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन नगरी मनाली की करें तो यहां भी मुख्य सड़क मार्ग अटल टनल के आसपास अवरुद्ध हुआ है। हालांकि यहां फंसे वाहनों और पर्यटकों को पुलिस द्वारा सुरक्षित निकालने में सफलता हासिल हुई है। लेकिन अब बंद सड़क मार्ग की सफाई में दिनरात कोशिशें की जा रही हैं।

उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अटल टनल के एप्रोच रोड पर बर्फ हटाने का कार्य लगातार जारी है। इस कार्य में बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) तथा जिला प्रशासन की मशीनरी युद्धस्तर पर जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि बर्फबारी के कारण सड़क पर बर्फ का जमाव और आइसिंग की स्थिति बनी हुई है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। ऐसे में मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। इस समय ज़िला प्रशासन और बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) टनल से मनाली की ओर मार्ग बहाली पर जुटा है ताकि आम जनता व पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

ज़िला प्रशासन द्वारा आम लोगों और पर्यटकों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


