Tuesday, April 28, 2026
Homehimachalजन विरोधी फैसलों से घिरी सुक्खू सरकार, पंचायत चुनावों में जनता फूंकेगी...

जन विरोधी फैसलों से घिरी सुक्खू सरकार, पंचायत चुनावों में जनता फूंकेगी विदाई का बिगुल : राकेश जमवाल

मंडी : मंडी से भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और अब जनता इसका हिसाब लेने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल झूठे वादों और जन विरोधी फैसलों की प्रतीक बनकर रह गई है।
राकेश जमवाल ने तीखे शब्दों में कहा कि सरकार ने सत्ता में आते ही गरीबों के हित में चल रही हिम केयर योजना को ठप कर दिया, जिससे हजारों जरूरतमंद परिवार इलाज के लिए भटक रहे हैं। वहीं बिजली सब्सिडी बंद कर आम जनता पर सीधा आर्थिक बोझ डाला गया है। महिलाओं से किए गए 1500 रुपये प्रतिमाह देने के वादे का भी कोई अता-पता नहीं है। “कहां गए 1500-1500 रुपये?” यह सवाल आज हर घर से उठ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामी यहीं तक सीमित नहीं है। प्रदेश में एक के बाद एक संस्थान बंद किए जा रहे हैं, युवाओं के भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं और जिन परियोजनाओं से प्रदेश को गति मिलनी थी, वे फाइलों में धूल खा रही हैं। सड़कों, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।
जमवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। आम आदमी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है और सरकार केवल बयानबाजी तक सीमित है।
उन्होंने पंचायत चुनावों को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि लोकतंत्र की जड़ माने जाने वाले पंचायत चुनावों को जानबूझकर लटकाया जा रहा था । यह साफ दर्शाता है कि सरकार को अपनी हार का डर सता रहा है। जनता के बीच जाने से कांग्रेस सरकार घबरा रही है, क्योंकि उसे अपनी नाकामियों का पूरा अंदाजा है।

राकेश जमवाल ने कहा कि अब समय आ गया है जब प्रदेश की जनता इस जन विरोधी सरकार को करारा जवाब दे। आने वाले पंचायत चुनावों में जनता इस सरकार के जाने का बिगुल फूंक देगी और कांग्रेस को उसकी नीतियों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से मिलेगा।
उन्होंने अंत में कहा कि भाजपा जनता के साथ खड़ी है और हर मोर्चे पर सरकार की विफलताओं को उजागर करती रहेगी, ताकि प्रदेश को एक सक्षम और जनहितैषी नेतृत्व मिल सके।

Most Popular