राज्य में ट्रांसपोर्ट औऱ सभी दुकानें खुलेंगी
शिमला :देश भर में भले ही लॉक डाउन 17 मई तक बढ़ गया है पर हिमाचल की संतोषजनक स्थिति के कारण यहां काफी छूट मिलने का समाचार है ।
जानकारी के मुताबिक लॉकडाउन-थ्री के दौरान चार मई से हिमाचल प्रदेश पूरी तरह से खुल जाएगा। राज्य में ट्रांसपोर्ट और सभी प्रकार की दुकानें खुल जाएंगी। राज्य के भीतर आवाजाही पर भी छूट मिल जाएगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने हिमाचल को ऑरेंज जोन में शामिल किया है। खास है कि राज्य के शिमला, मंडी, बिलासपुर, कुल्लू, किन्नौर और लाहुल-स्पीति जिला ग्रीन जोन में हैं। इनमें कोरोना का कोई भी केस नहीं आया है। इसके चलते इन सभी छह जिलों में काफी हद तक छूट रहेगी। शेष ऑरेंज जोन वाले छह जिलों में कुछ बंदिशें लग सकती हैं। इसके लिए राज्य सरकार की दो मई को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में अहम फैसले होंगे। जयराम कैबिनेट ग्रीन और ऑरेंज जोन के जिलों में अलग-अलग छूट को लेकर बड़े फैसले लेगी। जाहिर है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार शाम को लॉकडाउन-पार्ट थ्री के तहत गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। मंत्रालय ने अपनी गाइडलाइंस में कहा है कि राज्य सरकारें मौके की परिस्थितियों को देखते हुए अपने स्तर पर भी फैसले ले सकती हैं।
यही कारण है कि शनिवार को आयोजित होने वाली हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक अब महत्त्वपूर्ण हो गई है। इस बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर के उपायुक्तों और एसपी के साथ वीडियो कान्फ्रेंस आयोजित कर जिलों की ताजा स्थिति की समीक्षा की है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों से भी लॉकडाउन पार्ट-थ्री को लेकर फीडबैक लिया है। इस आधार पर अब राज्य आपदा प्रबंधन विभाग कैबिनेट में नई गाइडलाइंस का एजेंडा लाएगा। लिहाजा दो मई की कैबिनेट बैठक के बाद प्रदेश की भविष्य की तस्वीर तय होगी। हालांकि केंद्रीय गाइडलाइंस ने ग्रीन जोन में बस सेवा सशर्त शुरू करने की छूट दे दी है। इसके अलावा टैक्सी सेवा को भी आरंभ करने का ग्रीन सिग्नल दिया है। दोपहिया वाहनों पर भी दो सवारियों को अनुमति दी गई है। इस जोन में सभी दुकानों को खोलने की छूट दी गई है। अहम है कि पान की दुकानों को भी खोलने के लिए ग्रीन सिग्नल दिखाया गया है।
इसके अलावा सरकारी व निजी कार्यालयों को खोलने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बहरहाल केंद्रीय गृह मंत्रालय की गाइडलाइंस में धार्मिक स्थलों, स्कूल-कालेजों सहित सामाजिक एवं राजनीतिक आयोजनों पर यथावत प्रतिबंध जारी रखने को कहा है।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में पिछले आठ दिनों से कोरोना का कोई भी मामला नहीं आया है। इस कारण प्रदेश में बड़े स्तर पर गतिविधियों शुरू हो जाएगी। हालांकि लॉकडाउन पार्ट-थ्री चार मई से शुरू होगा। इस कारण दो मई की कैबिनेट में प्रदेश के लिए बड़े ऐलान होंगे।
साभार दिव्य हिमाचल