पर्यटन कारोबार के लिए साबित होगा लाभदायक
मनाली के विधायक भुवनेश्वर गॉड रहे मुख्यातिथि
रेणुका गौतम, मनाली : पर्यटन नगरी मनाली में कारोबार और पर्यटन क्षेत्र को नई बुलंदियों तक पहुंचाने हेतू मनाली एक्सपो 2.0 का आयोजन किया जा रहा है। मनाली के 15 मील स्थित देवलोक में आयोजित इस एक्सपो में देशभर से 100 से भी अधिक कंपनियां, नामी ब्रांड्स, स्टार्टअप्स और एमएसएमई शामिल हो रहे हैं।

कार्यक्रम के आयोजक असीम, कमल शर्मा और सचिन शर्मा ने मीडिया से मुखातिब होते हुए बताया कि मनाली एक्सपो का मकसद मात्र कंपनियों और ब्रांड्स को एक मंच पर लाना नहीं, बल्कि स्थानीय होटल व्यवसायियों, होमस्टे संचालकों और पर्यटन कारोबारियों को राष्ट्रीय स्तर के आपूर्तिकर्ताओं और आधुनिक तकनीकों से जोड़ना भी है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इससे जहां स्थानीय कारोबारियों के नए उत्पादों, तकनीकों और व्यवसायिक अवसरों की जानकारी मिलेगी साथ ही हिमालयी क्षेत्र के व्यावसायिक पारिस्थितिकी तंत्र को नई दिशा भी मिले सकेगी।

आयोजकों के अनुसार, एक्सपो में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंची कंपनियां अपने उत्पादों और आधुनिक तकनीकों को प्रदर्शित कर रही हैं। इससे पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों को अपने कारोबार को आधुनिक बनाने और बदलते बाजार के अनुसार आगे बढ़ने हेतु नए अवसर भी प्राप्त होंगे। वहीं, मनाली विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने आयोजन को लेकर बात करते हुए कहा कि मनाली एक्सपो स्थानीय युवाओं और कारोबारियों के लिए नए अवसरों का द्वार खोलने वाला मंच साबित होगा।
उन्होंने कहा कि मनाली जैसे पर्यटन केंद्र में इस तरह के आयोजनों से स्थानीय कारोबारियों को देशभर के ब्रांड्स और कंपनियों के साथ सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है। इससे पर्यटन कारोबार को नई बुलंदियां मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए मार्ग भी प्रशस्त होने की संभावना है।

गौरतलब है कि मनाली एक्सपो 2.0 अगले दो दिनों तक देवलोक, 15 मील में आयोजित किया जा रहा है। जहां पर्यटन और कारोबार से जुड़े लोगों के लिए देशभर के ब्रांड्स, कंपनियों और आधुनिक तकनीकों की झलक देखने को मिल रही है।


