ज़री का प्रतिनिधि मंडल मिला उपायुक्त से
रेणुका गौतम, कुल्लू : ज़िला की मणिकरण घाटी के क्षेत्र जरी का एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने ज़िला के नए उपायुक्त का स्वागत किया और अपने क्षेत्र की समस्याओं के निवारण हेतु मांग पत्र भी सौंपा। उपायुक्त ने समस्याओं को ध्यान से सुना और उनके निपटारे का आश्वासन दिया।
ज़री के ग्रामीणों द्वारा उपायुक्त के सामने उठाई गई समस्याओं को लेकर मीडिया को जानकारी देते हुए अनिल ठाकुर ने बताया कि वर्ष 2025 की आपदा के समय में नदी और नालों के तेज जलस्तर में क्षेत्र की बहुत सी ज़मीन खराब हुई है। और तब से लेकर अब तक सही तरीके से वहां मुरम्मत का कार्य नहीं हो पाया है। अतः क्षेत्रवासी चाहते हैं कि यहां समय रहते ढुंखरा से जरी तक पार्वती नदी का तटीयकरण करके क्षेत्र को सुरक्षित किया जाए।

साथ ही ग्रामीणों ने उपायुक्त से जरी बाजार में बने हुए टैक्सी स्टैंड की भी समस्या उठाई। और कहा कि बाज़ार के साथ लगते टैक्सी स्टैंड होने से यहां खड़ी गाड़ियों की भीड़ के चलते आम जन-मानस को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अतः ग्रामीणों चाहते हैं कि टैक्सी स्टैंड को यहां से स्थानांतरित करके किसी और जगह बनाया जाए ताकि समस्या का समाधान हो सके।


