झाकड़ी थाना में मामला दर्ज, SFSL जुंगा की टीम जुटी जांच में
शिमला, जिला शिमला के रामपुर क्षेत्र में उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब एक व्यक्ति पर कथित रूप से गोली चला दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस थाना झाकड़ी में शिकायतकर्ता राजेश डोगरा निवासी गाँव कोटी, डाकघर धार-गौरा, तहसील रामपुर की शिकायत पर अभियोग संख्या 15/2026 दिनांक 22.02.2026 को धारा 109, 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 25 शस्त्र अधिनियम, 1959 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार 22 फरवरी को शिकायतकर्ता अपने साथियों अनिल कुमार, सुमित और पियूष के साथ ऑल्टो कार में गाँव शनेरी से अपने घर कोटी लौट रहे थे। बताया गया है कि शिकायतकर्ता ने एक दिन पूर्व सुरेश कुमार शर्मा निवासी गाँव फुंजा, डाकघर मझेवली, तहसील रामपुर बुशहर से अपने उधार दिए गए रुपयों की मांग की थी।
22 फरवरी को करीब 11:30 बजे दिन डोई गॉड (नाला) के पास दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई जो हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी सुरेश कुमार शर्मा ने अपनी गाड़ी में रखे आग्नेयास्त्र से शिकायतकर्ता पर गोली चला दी। उस समय शिकायतकर्ता अपनी कार में बैठा हुआ था। गोली चालक सीट के पीछे वाली खिड़की के शीशे से टकराई, जिससे शीशा टूट गया और उसका एक कण शिकायतकर्ता को आ लगा। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को 22 फरवरी की रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 23 फरवरी को माननीय न्यायालय रामपुर के समक्ष पेश किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SFSL Junga की विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा उसकी बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


