Saturday, January 31, 2026
Homeकुल्लूअटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मनाली में शीतकालीन खेल पाठ्यक्रमों की शुरुआत

अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मनाली में शीतकालीन खेल पाठ्यक्रमों की शुरुआत

विभिन्न राज्यों से 1090 प्रतिभागी ले रहे हैं भाग

रेणुका गौतम, कुल्लू : मनाली स्थित अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान (एबीवीआईएमएएस) द्वारा शीतकालीन खेल सत्र की औपचारिक शुरुआत की गई है। और संस्थान ने बहुप्रतीक्षित स्कीइंग पाठ्यक्रमों की शुरुआत कर दी है। गौरतलब है कि यह संस्थान देश भर में शीतकालीन खेलों और पर्वतारोहण प्रशिक्षण का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है।

हाल ही में इस संस्थान द्वारा शुरू किए गए शीतकालीन सत्र में देशभर के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 109 प्रतिभागी वर्तमान में बेसिक एवं एडवांस स्कीइंग कोर्स (क्रम संख्या 203 एवं 48) में भाग ले रहे हैं। ये पाठ्यक्रम 27 जनवरी से प्रारंभ होकर 14 दिनों तक संचालित किए जा रहें हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा स्कीइंग से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान मनाली के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पूर्व 13 जनवरी से प्रस्तावित स्कीइंग कोर्स को पर्याप्त हिमपात न होने और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण रद्द करना पड़ा था। हालांकि मौसम में कुछ सुधार होने के बाद वर्तमान पाठ्यक्रमों को पुनः शुरू कर दिया गया है। उन्होंने जानकारी देते हुए यह भी बताया कि बेसिक एवं इंटरमीडिएट स्कीइंग कोर्स की अगली श्रृंखला 14 फरवरी 2026 से प्रारंभ की जाएगी, जिससे इच्छुक प्रतिभागियों को आगामी शीतकालीन सत्र में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।

सबसे खास बात यह है कि इस सत्र की एक विशेष और ऐतिहासिक पहल के तहत एबीवीआईएमएएस पहली बार स्नोबोर्डिंग कोर्स शुरू करने जा रहा है। यह कोर्स सीमित सीटों के साथ संचालित किया जाएगा, ताकि प्रतिभागियों को गुणवत्तापूर्ण, केंद्रित और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके। इस नई पहल से शीतकालीन खेलों में विविधता आएगी और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे।एबीवीआईएमएएस अब तक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार कर चुका है, जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है। साथ ही, संस्थान ने साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

संस्थान द्वारा दिया जा रहा यह प्रशिक्षण युवाओं को स्वरोजगार के अवसर भी प्रदान करता है। प्रशिक्षित युवा स्की प्रशिक्षक, पर्वत गाइड एवं साहसिक खेलों से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में अपना करियर बना रहे हैं। इस प्रकार, एबीवीआईएमएएस न केवल शीतकालीन खेलों को नई दिशा दे रहा है, बल्कि पर्यटन, रोजगार और खेल संस्कृति को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान निभा रहा है।

Most Popular