15 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे सम्मेलन का उद्घाटन, 53 राष्ट्रमण्डल देशों के स्पीकर होंगे शामिल

शिमला।हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 28वें राष्ट्रमण्डल देशों के स्पीकरों और पीठासीन अधिकारियों (CSPOC) के सम्मेलन में भाग लेने के लिए बुधवार को चण्डीगढ़ से वायु मार्ग द्वारा नई दिल्ली रवाना होंगे। यह सम्मेलन 14 से 16 जनवरी, 2026 तक भारतीय संसद द्वारा संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रमण्डल देशों के स्पीकरों और पीठासीन अधिकारियों का यह सम्मेलन वर्ष 1969 में कनाडा के तत्कालीन हाउस ऑफ कॉमन्स के स्पीकर की पहल पर प्रारम्भ किया गया था। सीएसपीओसी राष्ट्रमण्डल के संप्रभु राज्यों की 53 राष्ट्रीय संसदों के स्पीकरों एवं पीठासीन अधिकारियों को एक साझा मंच प्रदान करता है।
इस ऐतिहासिक सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 15 जनवरी, 2026 को प्रातः 10:30 बजे संविधान सदन के केंद्रीय हॉल में आयोजित होगा। सम्मेलन का शुभारम्भ देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे, जो इस अवसर पर प्रमुख संबोधन भी देंगे। सम्मेलन में 53 राष्ट्रमण्डल देशों के स्पीकर एवं पीठासीन अधिकारी भाग लेंगे। इनमें 23 द्विसदनीय संसदें तथा 30 एक सदनीय संसदें शामिल हैं। सम्मेलन में कुल 76 स्पीकर/पीठासीन अधिकारी तथा 71 क्लर्क/सेक्रेटरी जनरल सहभागिता करेंगे।
सम्मेलन के दौरान निर्धारित छह प्रमुख कार्यसूचियों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां “लोगों की संसद को आकार देने, प्रभावी एवं सार्थक लोकतंत्र को बढ़ावा देने तथा लोकतांत्रिक संस्थानों में जनता के विश्वास को मजबूत करने में स्पीकर और पीठासीन अधिकारियों की भूमिका” विषय पर अपना विचारोत्तेजक संबोधन देंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा भी भाग लेंगे। यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर संसदीय लोकतंत्र को सुदृढ़ करने तथा विभिन्न देशों के संसदीय अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा।

