राज्य के निचले और मध्यवर्ती क्षेत्रों में जहां गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है, वहीं ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 13 और 14 मार्च के लिए बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के निचले और मध्यवर्ती क्षेत्रों में जहां गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है, वहीं ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 12 मार्च से उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है। 13 मार्च को मौसम ज्यादा बिगड़ेगा।
पूर्वानुमान के अनुसार इस दिन प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश होगी और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फ गिरने का आसार हैं। रविवार को शिमला में बादल छाए रहे। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी धूप और बादल आते-जाते रहे। रविवार को सबसे कम तापमान -10.1 सेल्सियस कुकुमसेरी में दर्ज किया गया। ऊना में अधिकतम 26.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम का यह रुख सेब बागवानी और कृषि फसलों के लिए अच्छा बताया जा रहा है। इससे खेतों-बगीचों में नमी बनी रहेगी तो उससे लाभ होगा।