हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी का हर विधायक मुख्यमंत्री पद का दावेदार है। उन्होंने कहा कि यह बड़ी बात है कि कांग्रेस पार्टी में होनहार नेता हैं। फिलवक्त सुखविंदर सुक्खू आज सोलन जिला के दौरे पर हैं। परवाणू और धर्मपुर में समर्थकों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इतना ही नहीं राजधानी शिमला की ओर जाते हुए भी सुक्खू का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। उनके समर्थकों व पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल मालाएं पहनाकर सुक्खू के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को कांग्रेस पार्टी मिलकर लड़ेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री, धनीराम शांडिल सहित सभी नेता एकजुट होकर भाजपा को जवाब देंगे। उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। सुक्खू का कहना है कि प्रदेश भाजपा सरकार से जनता परेशान हो चुकी है और अब प्रदेशवासी बदलाव चाहते हैं।


