मंडी: सीएम जयराम ठाकुर के गृह जिला में आम आदमी पार्टी ने रोड़ शो के साथ चुनावी शंखनाद किया। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान के नेतृत्व में देशभक्ति के गीतों के साथ रोड शो को आगे बढ़ाया। केजरीवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आकर अच्छा लगा रहा है। इतने शानदार स्वागत के लिए शुक्रिया। रोड शो में भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा ज्यादा नजर आ रहा है। आम आदमी पार्टी का झंडा भी लोगों के हाथ में है। उन्होंने कहा हम आम आदमी है। हमें राजनीति नहीं काम करना आता है। दिल्ली से भ्रष्टाचार खत्म किया।20 दिन में पंजाब में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया अब हिमाचल की बारी है, वहीं पंजाब के सीएम भगवंत मान भी परछाई की तरह आप सुप्रीमो के साथ हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति करनी नहीं आती, हमें देशभक्ति आती है। पहले दिल्ली में बदलाव किया, पंजाब में कर रहे हैं और अब हिमाचल में भी बदलाव करेंगे। हमें एक मौका दे दो। आपने दूसरे दलों को भी देख लिया एक बार हमें भी देख लो, आपको अपने आप फर्क दिख जाएगा।