Sunday, February 15, 2026
Homeहमीरपुरचुनाव के हिसाब से नहीं जरूरत के हिसाब से पेश होगा बजट...

चुनाव के हिसाब से नहीं जरूरत के हिसाब से पेश होगा बजट – मुख्यमंत्री

हमीरपुर: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को हमीरपुर प्रवास के दौरान बजट सत्र पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भले अभी चुनावी वर्ष है। लेकिन इस बार का बजट चुनाव के हिसाब से नहीं, बल्कि जरूरत के हिसाब से विधानसभा में पेश होगा। उन्होंने कहा कि बजट सत्र से स्वाभाविक रूप से समाज के सभी वर्गों को सरकार से बहुत उम्मीदें रहती हैं। सब लोग चाहते हैं कि उनके लिए बजट में कुछ खास हो। इसलिए इस बार बेहतरीन बजट होगा। जयराम ठाकुर ने हमीरपुर से धर्मशाला जाते हुए विधानसभा क्षेत्र नादौन के जोलसप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन का निरीक्षण भी किया।उन्होंने निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन और केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को अगस्त-सितंबर माह तक हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में ओपीडी सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद हमीरपुर, चंबा और नाहन मेडिकल कॉलेज की डीपीआर तैयार की गई और बजट के साथ निर्माण कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए डीपीआर के मुताबिक पहले चरण में बजट की प्रथम किस्त आ चुकी है। निर्माण कार्य के लिए और ज्यादा बजट की आवश्यकता है। इसलिए केंद्र के समक्ष और अधिक बजट का मुद्दा उठाया है।इस कार्य को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार भी अपनी ओर से बजट में बेहतर योगदान देगी। मेडिकल कॉलेज के प्रशिक्षुओं की मांग पर मेडिकल कॉलेज में हॉस्टल के लिए बजट का अलग से प्रावधान करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना में पीजीआई सेटेलाइट सेंटर की डीपीआर समेत तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं, शीघ्र काम शुरू होगा। प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में छह मेडिकल कॉलेज, एक निजी मेडिकल कॉलेज और बिलासपुर में एम्स की स्थापना से प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर कार्य किए हैं। सरकार ने जो काम किए हैं, वे जमीन पर दिख रहे हैं।

Most Popular