देहरा: जयराम ठाकुर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र को 500 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाएं प्रदान की। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लग के गांव स्वान्ता में आयोजित जनसभा में उद्योग व परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने यह शब्द कहे। उन्होंने कहा कि जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले 50 वर्षों में हुए विकास कार्यों और जयराम सरकार के 4 वर्षों में हुए विकास कार्यों की ही यदि तुलना की जाए तो यह चार साल क्षेत्र के लिए अधिक उन्नती भरे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को पहले प्रत्येक कार्य के लिए देहरा जाना पड़ता था। उनके मंत्री बनने के बाद क्षेत्र को पहली बार लोक निर्माण विभाग और जलशक्ति विभाग का अपना मंडल मिला। अब क्षेत्र की जनता के जल और सड़क संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से किया जाता है और इसके लिए उन्हें किसी कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ते।
उन्होंने गांव के युवाओं की मांग पर स्वान्ता गांव में एक जिम खोलने की घोषणा भी की, जिससे युवा पिढ़ी की ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगेगी। उन्होंने कहा कि आज जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक हिस्सा किसी न किसी विकास परियोजना के तहत आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि आज करोड़ो की लागत से जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण के कार्य जल रह हैं, जिसमें लगभग 8 करोड़ की लागत से आरा चैक की सड़क का स्तरोन्नयन का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त संसारपुर टैरेस में हिमाचल पथ परिवहन निगम का बस डिपो अभी हाल ही में खोला गया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए अपने घर से दूर न जाना पड़े इस हेतु उन्होंने पूरे विधानसभा क्षेत्र में कई संस्थानों को भी प्रारंभ करवाया है। जिसमें संसारपुर टेरेस में माॅडल आईटीआई, कूनहा में फार्मेसी काॅलेज, डाडासीबा, कोटला और रक्कड़ में डिग्री काॅलेज, जनडौर में पालटेक्निक काॅलेज, जैसे कईं उच्च शिक्षा के केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। उद्योग मंत्री ने स्वान्ता में जनता से संवाद स्थापित करते हुए विस्तार से उनकी समस्याएं भी सुनी। जिनमें से अधिकतम का मौके पर निपटारा करते हुए शेष के समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर लोक संपर्क विभाग के कलाकारों ने सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में जिला परिषद् सदस्या अनु राणा, अधिशासी अभियन्ता विद्युत बोर्ड कुलदीप राणा, आर.एम देहरा कुशल गौतम, जसवंत यादव, अनिता सुपेहिया, विरेंद्र ठाकुर, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।