Sunday, February 15, 2026
Homeशिमलानहीं बदलेगा हिमाचल का सीएम जयराम के नेतृत्व पर भरोसा-

नहीं बदलेगा हिमाचल का सीएम जयराम के नेतृत्व पर भरोसा-

शिमला: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के अंतिम दिन अपने संबोधन के दौरान हिमाचल से ही ताल्लुक रखने वाले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश का सीएम नहीं बदला जाएगा। नड्डा ने जयराम के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि हिमाचल में पार्टी और सरकार जयराम के नेतृत्व में ही आगे बढ़ेगी। 

उपचुनाव में मिली हार के बाद हिमाचल में दिए जा रहे अपने पहले संबोधन के दौरान नड्डा ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों के डबल इंजन की बदौलत हिमाचल में विकास के नए आयाम गढ़े जा रहे हैं। 

इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को दरकिनार किया और इस बात का भरोसा जताया कि पार्टी केंद्र की मोदी सरकार राज्य की जयराम सरकार के द्वारा किए गए विकास कार्यों के बल पर 2022 का चुनाव लड़ेगी और फिर से सत्तासीन होगी। उन्होंने कहा कि मुझे पता लगा है कि कुछ लोग इंटरनेट मीडिया पर लिख रहे हैं। ये लोग अफवाहें फैलाने का काम कर रहे हैं। वह लोग यह नहीं जानते कि इससे कुछ नहीं होगा।

बकौल नड्डा, कोई भी राजनीतिक दल लोगों के इंटरनेट मीडिया पर गलत लिखने से न ही रुकता है और न ही उसे आगे बढ़ने से रोका जा सकता है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि एकजुटता के साथ ही सभी को काम करते हुए सरकार और संगठन को मजबूत बनाने और आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका अदा करनी चाहिए।

Most Popular