Wednesday, September 17, 2025
Homeहिमाचलराजनीतिक कुंठा है संसद में विपक्ष का हंगामा – विनोद ठाकुर

राजनीतिक कुंठा है संसद में विपक्ष का हंगामा – विनोद ठाकुर

विपक्षी दलों का सिर्फ एक एजेंडा भाजपा का विरोध करना ।

शिमला – भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने संसद सत्र में विपक्षी दलों के हंगामे को राजनीतिक कुंठा का परिणाम करार दिया है। उन्होंने कहा कि दशकों तक देश पर राज करने वालों का सत्ता सुख जनता ने छीन लिया है। इसी की पीड़ा इनसे सहन नहीं हो रही है। बार-बार देश की सरकार को अस्थिर करने के लिए नया हथकंडा अपनाया जा रहा है। कभी झूठ, कभी अफवाह और कभी देश विरोधी ताकतों के साथ गठबंधन कर रहे हैं। लेकिन ये भूल चुके हैं कि सबसे बड़ी अदालत जनता किसी को माफ नहीं करती। 

विनोद ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से संसद की कार्यवाही को बाधित किया जा रहा है और संसदीय मर्यादा का हनन हो रहा है, उससे विपक्षी दलों के अंदर की पीड़ा का एहसास हो रहा है। तथ्यहीन आरोपबाजी से संसद की कार्यवाही को बाधित कर जनता की खून-पसीने की कमाई भी बर्बाद की जा रही है। विपक्षी नेता अब गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। अगर विपक्ष के आरोपों में जरा भी सच्चाई होती तो वह तथ्यों के साथ सदन में चर्चा करती। लेकिन वह ऐसा नहीं कर रहे। झूठ के दम पर हो-हल्ला मचाकर देश को गुमराह करने की कोशिश हो रही है। लेकिन अब देश की जनता इन हथकंडो को भाव नहीं देती। सभी विपक्षी दलों का एकमात्र उद्देश्य है, भाजपा को देश से खत्म करना। लेकिन ये भूल चुके हैं, भाजपा जनता के विश्वास की ताकत है। इस ताकत को खत्म करना किसी के बस का नहीं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल दशकों तक देश में मनमानी करते आए हैं। देश को जाति-धर्म के आधार पर बांटा और अपनी झोलियां भरते रहे। आज एक राष्ट्रवादी सरकार देश में काम कर रही है। छटपटाहट में ये सारी सीमाएं और मर्यादाएं लांघ रहे हैं। इस सब का जवाब जनता एक बार फिर देगी।

Most Popular