Friday, February 20, 2026
Homeहिमाचलआपका एक प्रयास हिमाचल को बनाएगा हर्बल स्टेट – विनोद ठाकुर

आपका एक प्रयास हिमाचल को बनाएगा हर्बल स्टेट – विनोद ठाकुर

शिमला – प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश को हर्बल स्टेट बनाने के लिए प्रदेशवासियों का सहयोग मांगा है। इस बार प्रदेश में बरसात के मौसम में करीब 11 लाख पौधे रोपे जाएंगे। प्रदेश के पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने और पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के लिए हर प्रदेशवासी को इस पर्यावरण यज्ञ में बढ़चढ़ कर भाग लेना होगा। वन विभाग इस बार भी जनता के सहयोग से प्रदेश में लाखों पौधे रोपने का अभियान शुरू करने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वन विभाग ने इस बार भी प्रदेशभर के जंगलों और रिहायशी इलाकों में लाखों पौधे रोपने की योजना बनाई है। इस बार यह अभियान हर्बल होगा। यानि हर साल प्रदेश में देवदार, चीड़, पीपल, बरगद, नीम और अन्य घास के पौधे रापो जाते थे। लेकिन इस बार आंवला, हरड़, बेहड़ा, जामुन और अन्य औषधीय गुणों से भरपूर फलदार पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को जिला मंडी के आनी से इस अभियान की शुरूआत की जाएगी। 21 जुलाई से प्रदेशभर में पौधरोपण अभियान शुरू हो जाएगा। प्रदेश के हर वार्ड में 50-50 पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए जनभागीदारी हमेशा की तरह अहम रहेगी।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए योगदान दें। साथ ही हर पौधे की देखभाल का संकल्प भी लें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जंगल सिमटते जा रहे हैं। पेड़-पौधों की संख्या भी घटती जा रही है। इसके कई दुष्परिणाम भी सामने आ रहे हैं। इससे बचने के लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने और जंगल बचाने की जरूरत है। सभी लोगों को पौधरोपण के लिए आगे आना होगा। सभी की सहभागिता से ही पौधरोपण अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है। इसलिए खुद भी एक पौधा लगाएं और उसकी देखभाल करें। साथ ही अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरुक करें। यह स्वच्छ और निर्मल हिमाचल यज्ञ में आपकी आहूति होगी।

Most Popular