यशपाल हेटा बने प्रदेश महामंत्री
भारतीय मजदूर संघ का 18वां त्रैवार्षिक अधिवेशन शिमला में संपन्न हुआ जिसमें जिला कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर से संबंध रखने वाले मजदूर नेता मदन राणा को सबसे बड़े मजदूर संगठन भारतीय मजदूर संघ का पूर्ण रूप से प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया, इसके साथ ही जिला किन्नौर से संबंध रखने वाले यशपाल हेटा को भामसं का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया। मदन राणा भारतीय मजदूर संघ के एक कद्दावर नेता है तथा पिछले लगभग 30 वर्षों से वह भारतीय मजदूर संघ के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। मदन राणा ने भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में कई बड़े बड़े आंदोलन किए, कई बार उन्होंने लाठीचार्ज भी सहन किया है। मजदूरो के हितों के लिए कई तरह की यातनाएं भी उन्हें सहन करनी पड़ी है। ब्लॉक स्तर से संघर्ष शुरू करके कर्मचारियों और मजदूरों के दिलों में जगह बना कर आज भारतीय मजदूर संघ ने उन्हें उनकी मेहनत व विश्वास को देखते हुए सबसे बड़े मजदूर संगठन भारतीय मजदूर संघ का हिमाचल प्रदेश का अध्यक्ष पद का कार्यभार पूर्ण रूप से सौंप दिया है। यह प्रदेश के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर लिए एक बड़े गर्व की बात है क्योंकि प्रदेशाध्यक्ष के ओहदे तक पहुंचना आसान काम नहीं है। इस विषय में मदन राणा का कहना है कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है वह उसे पूरी ईमानदारी व कर्तव्य निष्ठा से निभाएंगे तथा कर्मचारियों व मजदूरों के हितों के लिए हमेशा लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर पहुंचे हैं वह कर्मचारी भाइयों व मजदूर भाइयों का सहयोग ही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों व मजदूरों का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा उनके हितों के लिए हमेशा आवाज बुलंद की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कार्यरत लाखों कर्मचारियों के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले कामगारों के लिए उनकी हमेशा आवाज बुलंद रहेगी। वही इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ की नई कार्यकारिणी का विस्तार किया गया जिसमें ढाबे राम चौहान को भारतीय मजदूर संघ का प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। मंगतराम नेगी, रमेश राणा, नानक चंद, सुषमा शर्मा को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। यशपाल हेटा को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया। देवी दत्त तनवर उप महामंत्री तथा सुमन वाला, लक्ष्मण काप्टा, नरेश ठाकुर को मंत्री नियुक्त किया गया तथा अमीचंद डोगरा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों में मेला राम चंदेल ,दिनेश शर्मा, प्रदीप तोमर, रविंदर चोपड़ा, सुभाष गोस्वामी, रघुवीर सिंह, बालकराम मोल्टा नियुक्त किए गए। सभी जिला महामंत्री, प्रदेश स्तरीय यूनियनों के महामंत्री, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य, अखिल भारतीय महासंघो के अध्यक्ष, महामंत्री भी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य होंगे।नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मदन राणा ने नई कार्यकारिणी को बधाई दी है।
सीएम ने दी बधाई-
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा में भारतीय मजदूर संघ का बड़ा महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने भारतीय मजदूर संघ की नवनिर्वाचित प्रदेश कार्यकारिणी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने श्रमिकों के शोषण के खिलाफ समय-समय पर आवाज उठाई है तथा हमेशा ही सराहनीय काम किए हैं।