हिमाचल के ऊना जिले के ओलिंडा में पुल से एक 27 वर्षीय युवक सतलुज दरिया में कूद गया। जिसका अभी कोई पता नहीं चल सका है। रोहित नाम का यह युवक परोइयां पंचायत के कुसियाला गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसे तलाशने के लिए ओलिंडा से हंडोला पुल तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई है।
अब नंगल से BBMB के गोताखोरों को बुलाया गया है। जो युवक को तलाशने में जुटे हैं। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर को रोहित पुत्र जगीर सिंह अपने कुसियाला से मोटरसाइकिल पर ओलिंडा पहुंचा था। इस दौरान उसने पुल के पास अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की। इसके बाद रोहित ने पुल पर चढ़कर सतलुज दरिया में छलांग लगा दी। हालांकि पुल के पार खड़े पुलिस के जवानों ने सीटी बजाकर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह एकदम पुल पर चढ़कर सतलुज दरिया में कूद गया।
इसके बाद QRT इंचार्ज शक्ति नंदन ने इसकी सूचना तुरंत बंगाणा पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद बंगाणा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचित किया। स्थानीय लोगों की सहायता से सतलुज दरिया में सर्च अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार रोहित जल शक्ति विभाग में पंप ऑपरेटर था। उसने सतलुज दरिया में छलांग क्यों लगाई। इसके कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। उधर, बंगाणा थाना के SHO रविपाल ने कहा कि सतलुज दरिया में कूदे युवक का सर्च अभियान जारी है। BBMB से गोताखोर बुलाए गए हैं।