Friday, February 27, 2026
Homeउतराखंडमोदी के विकसित भारत निर्माण के सारथी युवा: अनुराग सिंह ठाकुर

मोदी के विकसित भारत निर्माण के सारथी युवा: अनुराग सिंह ठाकुर


राष्ट्र की दिशा-दशा तय करने में युवाओं की भूमिका अहम: अनुराग सिंह ठाकुर
देहरादून : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाशक्ति सबसे बड़ी ताकत और असली सारथी है। वह राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर हरिद्वार में दिव्य प्रेम सेवा मिशन के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष आशीष गौतम, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी तथा पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
युवाओं को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारतीयता, सनातन संस्कृति और समृद्ध वैचारिक-सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने में स्वामी विवेकानंद का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी समाज की नींव और भविष्य होते हैं। उनकी ऊर्जा, उत्साह और नवाचार की क्षमता देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाती है। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, परिश्रम और सही दिशा के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज भारत जिस मुकाम पर खड़ा है, वहां से स्वर्णिम भविष्य स्पष्ट दिखाई देता है। सौ वर्ष पहले जिस भारत का सपना स्वामी विवेकानंद ने देखा था, उसे आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया जा रहा है। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है। नई पीढ़ी की ऊर्जा और अनुभव का समन्वय देश को तेज गति से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने विकास की ऐसी छलांग लगाई है, जिसे शतक की यात्रा कहा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि देश को जड़ता और निराशा के दौर से निकालकर आशा और आत्मविश्वास की दिशा में ले जाया गया है। एक भारत, श्रेष्ठ भारत के लक्ष्य के साथ पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक विकास, विरासत और राष्ट्रवाद की एक मजबूत डोर में देश को बांधा जा रहा है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज का युवा भाग्यशाली है क्योंकि वर्तमान व्यवस्था उनके सपनों के साथ खड़ी है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और खेलो इंडिया जैसे मिशनों ने युवाओं की प्रतिभा को मंच दिया है। सरकार युवाओं को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नेतृत्व करने वाला बनाना चाहती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि अल्पकालिक लोकप्रियता के बजाय दीर्घकालिक और ठोस लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करें। आज पूरी दुनिया की उम्मीदें भारत से जुड़ी हैं और इन उम्मीदों को पूरा करने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी पर है।
उन्होंने कहा कि भारत अब गुलामी की मानसिकता को पीछे छोड़कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट विश्वास है कि Gen Z और Gen Alpha ही विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने वाली पीढ़ी है। आने वाले 25 वर्ष भारत के लिए सबसे निर्णायक हैं और इस ऐतिहासिक यात्रा के असली नायक आज के युवा ही हैं।

Most Popular