कनाडा भेजने के नाम पर ₹25 लाख की ठगी — शिमला पुलिस ने महिला को खरड़ से दबोचा
शिमला: विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस ने एक महिला आरोपी को पंजाब के खरड़ (चंडीगढ़) से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बालूगंज थाने में दर्ज मामले के आधार पर की गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी बहन भावना को कनाडा भेजने का झांसा देकर आरोपी ने लगभग ₹25 लाख की रकम हड़प ली। आरोपियों ने कनाडा का वीजा लगवाने और विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर यह रकम अलग-अलग किस्तों में वसूली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की और पंजाब व हरियाणा में दबिश देने के लिए टीमें गठित कीं। 22 फरवरी को गठित विशेष टीम ने चंडीगढ़ के खरड़ स्थित शिवालिक सिटी में छापेमारी कर एक फ्लैट से आरोपी महिला मंजू कुमारी को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी को शिमला ले आई है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी काफी शातिर तरीके से ठिकाने बदल रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार मोबाइल सिम बदलती रही और केवल व्हाट्सएप कॉल का इस्तेमाल कर रही थी, ताकि पुलिस को लोकेशन ट्रेस करने में कठिनाई हो।
इससे पहले भी पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे चुकी थी, लेकिन आरोपी गिरफ्त से बाहर रही। आखिरकार तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को सफलता मिली।
गौरतलब है कि यह मामला 21 नवंबर 2025 को पुलिस थाना बालूगंज में धारा 318(4), 61(2), 352(2) बी.एन.एस. तथा 420, 120-बी, 506 भा.दं.सं. के तहत दर्ज किया गया था।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस ठगी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्या अन्य लोगों को भी इसी तरह शिकार बनाया गया है। मामले की जांच जारी है।
🔴 पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि विदेश भेजने या वीजा लगवाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बड़ी रकम देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें और केवल अधिकृत एजेंसियों से ही संपर्क करें।


