Friday, February 27, 2026
Homeचंबाकांग्रेस राज में अपराधियों का राज, पुलिस पर भीड़ के हमले से...

कांग्रेस राज में अपराधियों का राज, पुलिस पर भीड़ के हमले से कानून व्यवस्था ध्वस्त : भाजपा

नशा माफिया और तस्करों के आगे सरकार बेबस : ठाकुर

चंबा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक डी.एस. ठाकुर ने चंबा के चुराह क्षेत्र में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह घटना साबित करती है कि कांग्रेस शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
ठाकुर ने कहा कि पुलिस की विशेष जांच टीम पर हमला, पत्थरबाजी कर तस्करों को छुड़ाना, सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाना और महिला पंचायत प्रधान पर एफआईआर दर्ज होना — यह सब दर्शाता है कि कांग्रेस राज में अपराधियों को खुली छूट मिली हुई है। जब कानून के रक्षक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना करना भी बेमानी है।
उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर रही पुलिस टीम पर भीड़ द्वारा हमला होना बेहद गंभीर विषय है। यह केवल कानून व्यवस्था का नहीं, बल्कि सरकार की इच्छाशक्ति की असफलता का प्रमाण है। कांग्रेस सरकार के संरक्षण में नशा माफिया और असामाजिक तत्व बेलगाम हो चुके हैं।
डी.एस. ठाकुर ने सवाल उठाया कि जब 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होती है और अधिकांश आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं, तो यह किसकी जिम्मेदारी है? क्या कांग्रेस सरकार अपराधियों को बचाने में व्यस्त है?
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने मांग की कि पुलिस पर हमला करने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून सहित कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में कोई भी अपराधी कानून को चुनौती देने का दुस्साहस न कर सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस सरकार ने कानून व्यवस्था को तुरंत पटरी पर नहीं लाया, तो भाजपा प्रदेशभर में जन आंदोलन छेड़कर सरकार की नाकामी को उजागर करेगी।

Most Popular