Tuesday, July 1, 2025
Homeकुल्लूस्पीति घाटी के चिचिम में वन विभाग की टीम को नजर आया...

स्पीति घाटी के चिचिम में वन विभाग की टीम को नजर आया स्नो लेपर्ड

स्नो लेपर्ड को रास आ रही लाहौल स्पीति की वादियां 

रेणुका गौतम , लाहौल-स्पीति : हिमाचल प्रदेश की लाहौल-स्पीति की वादियां बर्फानी तेंदुए को रास आने लगी है। हालांकि यहां पर बर्फानी तेंदुए पहले से ही मौजूद थे, लेकिन अब यहां पर बर्फानी तेंदुआ आए दिन पहाड़ियों पर घूमते हुए नजर आ रहे हैं। तो वहीं देश विदेश से यहां आने वाले शोधार्थियों के कैमरे में भी इन्हें कैद किया जा रहा है। मंगलवार को स्पीति घाटी के चिचिम गांव में वन विभाग की टीम ने अपने कैमरे में बर्फानी तेंदुए को कैद किया। लाहौल-स्पीति की स्पीति घाटी के विभिन्न इलाकों में भी बर्फानी तेंदुए का जनजीवन बेहतर तरीके से फल-फूल रहा है। जिसका परिणाम यह है कि यहां आए दिन ग्रामीण क्षेत्रों के साथ लगती पहाड़ियों में बर्फानी तेंदुआ अठखेलियां करते हुए नजर आ रहा है।

वन विभाग की मानें तो बर्फानी तेंदुए ने स्पीति घाटी के अनुरूप खुद को ढाल लिया है और यहां अब उनकी हलचल अधिक दिखने लगी है। वन विभाग के प्रयासों से घाटी में तेंदुए को अनुकूल वातावरण भी मिला है। हिमाचल प्रदेश में वन विभाग इनकी सुरक्षा व रिसर्च पर करोड़ों रुपए खर्च कर रहा है, साथ ही स्थानीय लोग भी इनकी सुरक्षा में योगदान दे रहे हैं। स्पीति घाटी में आइबेक्स व ब्लू शीप जैसे जंगली जानवरों के शिकार पर कई तरह के सामाजिक व धार्मिक प्रतिबंध से उनकी भी तादाद बढ़ी है और बर्फानी तेंदुओं (snow leopard in lahaul spiti) को भी आसानी से शिकार मिल जाता है।

स्पीति घाटी में किब्बर वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी सबसे बड़ी है और इसका क्षेत्रफल 2200 वर्ग किलोमीटर है। कुल्लू को लाहौल से जोड़ने वाली पिन वैली की वाइल्ड लाइफ सेंक्चुरी 675 वर्ग किलोमीटर है जबकि चंद्रताल सेंक्चुरी 50 वर्ग किलोमीटर तक फैली हुई है। काजा में तैनात सहायक लोक संपर्क अधिकारी अजय बनयाल का कहना है कि स्पीति के साथ लाहौल में भी इस वन्य जीव की प्रजाति फल-फूल रही है। आए दिन बर्फानी तेंदुआ आपस में खेलते हुए नजर आते हैं और अन्य लोग भी आसानी से अपने कैमरे में कैद कर रहे हैं।

काबिल-ए-गौर है कि स्पीति घाटी में बर्फानी तेंदुए सहित आइबेक्स, ब्लू शीप, ब्लैक व ब्राउन बियर और बर्फानी लोमड़ी भी पाए जाते हैं। लाहौल स्पीति में बर्फानी तेंदुए काफी पहले से मौजूद है। बर्फानी तेंदुआ बहुत ऊंचाई वाले इलाकों में पाया जाता है, लेकिन बर्फबारी के कारण खाने की तलाश में यह इन दिनों नीचे के इलाकों का रुख करते हैं।

स्पीति के चिचिम इलाके में बर्फानी तेंदुए की हलचल

Most Popular