Saturday, March 7, 2026
Homehimachalअस्पतालों में न हैं डॉक्टर और न हो रहे टेस्ट, दिखावे के...

अस्पतालों में न हैं डॉक्टर और न हो रहे टेस्ट, दिखावे के लिए रोबोटिक सर्जरी का ढिंढोरा : राकेश जम्वाल‌

कहा,, स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली से आम मरीज परेशान सुक्खू सरकार आम आदमी को छोड़ पैसे वालों के इलाज को ही दे रही अधिमान

मंडी : अस्पतालों में बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत नहीं होंगी, तब तक रोबोटिक सर्जरी जैसी महंगी तकनीक का कोई वास्तविक लाभ आम जनता को नहीं मिल पाएगा। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल के अस्पतालों में जहां मूलभूत सुविधाओं का गंभीर अभाव है, वहीं सरकार रोबोटिक सर्जरी जैसे महंगे और दिखावटी प्रोजेक्ट पर ध्यान केंद्रित जनता कोल गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
जम्वाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा मेडिकल कॉलेज नेरचौक में रोबोटिक सर्जरी यूनिट शुरू की है, लेकिन प्रदेश के अस्पतालों की वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है। कई अस्पतालों में रेडियोलॉजी विभाग तक बंद पड़े हैं और जहां रेडियोलॉजिस्ट हैं भी, वहां एक डॉक्टर की छुट्टी से पूरा विभाग ठप हो जाता है। कई बड़े अस्पतालों में आज तक कैथ लैब जैसी महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध नहीं है और मरीजों को MRI जैसी जरूरी जांच के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ता है।
जम्वाल ने कहा कि जिस रोबोटिक सर्जरी यूनिट की इतनी चर्चा की जा रही है, उसके संचालन के लिए प्रशिक्षित स्टाफ तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी के लिए विशेष प्रशिक्षण और विशेषज्ञ डॉक्टरों की आवश्यकता होती है, लेकिन प्रदेश के अस्पतालों में पहले से ही डॉक्टरों और तकनीकी कर्मचारियों की भारी कमी है। ऐसे में बिना पर्याप्त तैयारी के रोबोटिक सर्जरी सिस्टम लाना केवल दिखावे की राजनीति प्रतीत होती‌ है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि सबसे गंभीर बात यह है कि रोबोटिक सर्जरी न तो हिमकेयर और न ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आती है।‌ ऐसे में इसका सीधा लाभ आम आदमी को नहीं मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि जब यह सुविधा इन योजनाओं के अंतर्गत ही नहीं है तो प्रदेश सरकार इसे आम जनता की सुविधा बताकर किसे गुमराह करना चाहती है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज स्थिति यह है कि हिमकेयर और आयुष्मान भारत योजनाओं के तहत अस्पतालों की लंबित भुगतान राशि तक सरकार ने जारी नहीं की है। इस कारण कई अस्पताल इन योजनाओं के मरीजों का इलाज करने में हिचकिचा रहे हैं और मरीजों को इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। हालात यह है कि कई परिवारों को मजबूर होकर अपने घर के संसाधन बेचकर महंगा इलाज करवाना पड़ रहा है।
जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार का ध्यान आम मरीजों की जरूरतों पर नहीं, बल्कि केवल दिखावे की योजनाओं पर है। अस्पतालों में सामान्य टेस्ट तक समय पर नहीं हो पा रहे हैं। डॉक्टरों और स्टाफ की भारी कमी है, लेकिन सरकार करोड़ों रुपये की रोबोटिक सर्जरी मशीन लाने का ढिंढोरा पीट रही है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि प्रदेश की जनता अब यह समझ चुकी है कि कांग्रेस सरकार की प्राथमिकताएं क्या हैं। अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने, जांच सुविधाओं को मजबूत करने और हिमकेयर व आयुष्मान योजनाओं के लंबित भुगतान जारी करने के बजाय सरकार केवल प्रचार की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक अस्पतालों में बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत नहीं होंगी, तब तक रोबोटिक सर्जरी जैसी महंगी तकनीक का कोई वास्तविक लाभ आम जनता को नहीं मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को दिखावे की राजनीति छोड़कर सही रूप में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।

Most Popular