Saturday, July 12, 2025
Homeचंबानाहन सहित चार मेडिकल कॉलेजों में बनेंगे फेब्रिकेटिड अस्थायी वार्ड , ...

नाहन सहित चार मेडिकल कॉलेजों में बनेंगे फेब्रिकेटिड अस्थायी वार्ड , कोरोना मरीजों के लिए मिलेगी सुविधा

 
चंबा प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामले देखते हुए शिमला, टांडा, नाहन और मंडी में फेब्रिकेशन के अस्थायी स्ट्रक्चर तैयार करवाए जाएंगे। जिला मुख्यालय चंबा में गुरुवार को प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात कही। सीएम ने कहा कि फेब्रिकेशन के इन स्ट्रक्चरों में कोरोना संक्रमितों को रखा जाएगा, साथ में ऑक्सीजन, वेंटिलेटर सहित सभी सहूलियतें इनमें होंगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा। बोले, कांग्रेस प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्र स्तर पर भी मुद्दाविहीन हो चुकी है। कांग्रेस के कई नेता जहां पार्टी छोड़ना चाह रहे, वहीं कई नेता सीएम बनना चाहते हैं। उधर प्रदेश भर में सामने आ चुके कोरोना के 27418 केसों में से 80 प्रतिशत लोग किडनी सहित अन्य बीमारियों से ग्रस्त पाए गए हैं। किड़नी मरीजों को विशेष संभलने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अनलॉक के बाद बढ़े कोरोना के  मामलों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जब तक वायरस का उपचार नहीं मिलता, तब तक सामाजिक दूरी, मास्क पहनना और सैनिटाइजर का इस्तेमाल बहुत जरूरी है। प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद अब टेस्टिंग को दोगुना कर दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर शिमला में साधारण तरीके से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।  मुख्यमंत्री ने शादी और अन्य समारोहों में लोगों को दूरी बनाए रखने की बात कही। स्कूल, कॉलेज व अन्य शैक्षणिक संस्थानों को दोबारा 25 नवंबर तक बंद करवा दिया है। सीएम ने कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य की ओर से विजिलेंस को की गई धांधली की शिकायत की जांच होगी। भाजपा सरकार प्रदेश में ईमानदारी और बिना भेदभाव काम कर रही है। इससे पहले की कांग्रेस सरकार बदले की भावना से काम करती रही है।

Most Popular