ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद ही शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग ने 21 वर्षीय युवक के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि पीड़िता और आरोपी रिश्ते में बुआ-भतीजा लगते हैं।
बताया गया कि आरोपी इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भाग निकला था। वहीं, महिला थाना ऊना में पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया है।
पुलिस द्वारा इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि ऊना मुख्यालय के साथ लगते एक गांव की करीब 17 वर्षीय किशोरी मंगलवार सुबह अपने घर पर थी। इसी दौरान रिश्ते में भतीजा लगने वाला युवक किशोरी के घर पहुंच गया और घर का गेट बंद करते हुए कमरे में ले गया। जहां पर युवक ने किशोरी के साथ गलत काम किया।
इसी बीच किशोरी का पिता भी मौके पर पहुंच गए। उन्हें, वहां आता देख युवक मौके से फरार हो गया। मामले को लेकर किशोरी ने महिला पुलिस को शिकायत दी है। एसपी ऊना अर्जित सेन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। युवक को गिरफ्तार कर जांच पड़ताल की जा रही है।