चंबा : जिला चंबा के उपमंडल तीसा में एक निजी बस गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है बस सवारियों से भरी हुई थी। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन मौके के लिए रवाना हो गया है। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बस तीसा के कॉलोनी मोड़ से अनियंत्रित होकर खाई में गिरी है।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 16 लोग सवार थे, इनमें से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें जीएमसी चंबा में उपचार दिया जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज भी चंबा के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने बजट सत्र की कार्रवाई मंगलवार को बीच में ही छोड़ दी है। उधर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी बस हादसे पर प्रतिक्रिया दी है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित विधानसभा उपाध्यक्ष एवं चुराह के विधायक हंसराज ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा हादसे में मृतकों के परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा घायलों को भी हरसंभव मदद दी जाएगी। चुराह के विधायक हंसराज विधानसभा की कार्यवाही को छोड़कर चंबा रवाना हो गए हैं। यह हादसा उनके गृह विधानसभा क्षेत्र में हुआ है। उन्होंने कहा हादसा उपमंडल मुख्यालय में काफी सवारियां उतारने के बाद हुआ है। पहले बस सवारियों से पूरी तरह से भरी हुई थी।