Tuesday, September 16, 2025
Homeमंडीआईपीएस सौम्या के हाथों बिहार चुनाव की कमान, कल 600 पुलिस जवानों...

आईपीएस सौम्या के हाथों बिहार चुनाव की कमान, कल 600 पुलिस जवानों के साथ होगी रवाना

मंडी : तेज़तर्रार महिला आइपीएस अधिकारी सौम्या सांबशिवन के हाथ बिहार में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने की कमान होगी। सौम्या तृतीय भारतीय आरक्षित वाहिनी पंडोह की कमांडेंट हैं। उन्हें राज्य कमांडर का दर्जा दिया गया है। उनके नेतृत्व में पंडोह, बनगढ़ (ऊना) व कोलर (सिरमौर) वाहिनी की छह कंपनियां यानी 600 जवान मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से बिहार के लिए ट्रेन से रवाना होंगे। 600 जवानों का नेतृत्व करने वाली वह अकेली महिला अधिकारी होंगी। तीनों वाहिनी से बिहार चुनाव के लिए दो – दो कंपनियां जा रही हैं।हर कंपनी से एक – एक डीएसपी रैंक का अधिकारी भी साथ रहेगा। बिहार में तीन चरणों में विधानसभा के चुनाव होंगे। पहले चरण के लिए 28 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव ड्यूटी पर जाने वाले सभी जवानों व अधिकारियों की कोरोना जांच करवाई गई है। कोरोना काल में चुनावी ड्यूटी पर जा रहे अधिकारियों व जवानों को दोहरी चुनौती का सामना करना होगा। एक तरफ उन्हें खुद को कोरोना वायरस से सुरक्षित बचाकर रखना होगा, दूसरी ओर बिहार जैसे राज्य में चुनावी ड्यूटी पहाड़ जैसी चुनौती से कम नहीं है। तीनों वाहिनी के चुनाव इससे पहले भी विधानसभा व लोकसभा चुनाव के दौरान ड्यूटी दे चुके हैं। कमांडेंट तृतीय भारतीय आरक्षित वाहिनी पंडोह सौम्या सांबशिवन ने यंगवार्ता को बताया कि बिहार में चुनाव ड्यूटी के लिए जा रहे सभी जवानों का मनोबल ऊंचा है। जवानों को इस बार एक नहीं बल्कि दो मोर्चों पर जूझना होगा। जवान इसके लिए पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि बिहार में शांति पूर्ण चुनाव करवा कर हिमाचल का नाम ऊँचा करेंगे। 

Most Popular