शिमला: नेहरू युवा केन्द्र संगठन द्वारा हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों में 3562 गावों में युवा मंडलों द्वारा स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। राज्य एवं जिला स्तर पर एक कमेटी का गठन किया गया है। जिला स्तर पर सभी कमेटियों की बैठक जिलाधीश की अध्यक्षता में हो चुकी है।
यह जानकारी नेहरू युवा केन्द्र संगठन हिमाचल प्रदेश के राज्य निदेशक सैमसन मसीह ने आज नेहरू युवा केंद्र संगठन (पंजाब और चंडीगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के राज्य निदेशक, क्षेत्रीय निदेशक, एनएसएस, चंडीगढ़ और एनएसएस राज्य अधिकारी, हरियाणा के मध्य ‘स्वच्छ भारत अभियान’ की समीक्षा के बारे हुए आभासी संयुक्त क्षेत्रीय प्रेस सम्मेलन में दी।
सेमसन ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के लिए 72000 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र करने का निशाना मिला है। इस निशाने के अनुसार 6 अक्टूबर तक लगभग 25249 किलोग्राम का निशाना पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बाकी आने वाले दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इस अभियान में सभी विभागों को अलग अलग दिनों में इस अभियान में जोड़ा जाएगा।
मसीह ने बताया कि नेहरू युवा केन्द्र संगठन, युवा कार्यक्रम विभाग, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 1 अक्टूबर 2021 से 31 अक्टूबर 2021 तक स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य भारतवर्ष गंदगी एवं प्लास्टिक मुक्त करना है।
इस अभियान में देश के 744 जिलों के 250000 गावों में नेहरू युवा केन्द्र संगठन के साथ संबधित युवा मंडलों द्वारा 600000 लाख गावों से 7500000 लाख किलोग्राम वेस्ट प्लास्टिक एकत्रित करना है।
इस अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर उद्धघाटन 1 अक्टूबर को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से किया और राज्य एवं जिला स्तर पर भी इसका उद्घाटन किया जा चुका है