शिमला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र तीसरा दिन भी आज जोरदार हंगामे केसाथ शुरू हुआ l सदन में तीसरे दिन भी काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा की मांग पर कांग्रेस विधायकों ने वेल में आकर नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में डटे रहे l मुख्यमंत्री के जवाब को शोर से दबाने का प्रयास करते रहे l जैसे ही सदन में मुख्यमंत्री का जवाब पूरा हुआ विपक्ष सदन को छोड़ बाहर निकल गया । उसके बाद सदन में ध्वनि मत से काम रोको प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया।
कांग्रेस के इस व्यवहार को वैश्विक महामारी के समय ऐतिहासिक की संज्ञा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सी से कोरोना और सी से कांग्रेस दोनों ही देश के हित में नही है इन दोनों वायरस ने पूरे भारत वर्ष को परेशानी में डाला हुआ है l अढाई दिन से विधानसभा चली है और काम रोको प्रस्ताव पर ढाई दिन हुई चर्चा के जवाब के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जहां कोरोना के दौरान आम नागरिक और भाजपा ने बीमारी से लड़ने में एकजुटता दिखाई वहीं कांग्रेस ने कोरोना संकट के बीच भी अपनी ही पार्टी को लूट लिया। पार्टी आलाकमान को 12 करोड़ का बिल थमाया। इन्हें जरा भी शर्म नहीं आई। ये देश और प्रदेश क्या चलाएंगे, इन्होंने आपदा में भी लूट का अवसर ढूंढा। इनकी काली करतूतों को जनता की अदालत में ले जाएंगे। वहां चेहरे से नकाब उतर जाएगा। 2022 में कांग्रेस विधायकों की मौजूदा संख्या और सिकुड़ जाएगी। जनता इन्हें जरूर सजा देगी, इन्होंने शोर डालकर कार्यवाही बाधित की। लेकिन हमारी आवाज बुलंद है, ये बेशर्म लोग हैं। मेरी सरकार ने ढाई दिन तक एक ही विषय पर चर्चा की, जबकि दूसरे राज्यों में कहीं कहीं इतने समय तक सदन नहीं चला।
संकट में, आपदा में कांग्रेस विधायकों ने क्या किया, इनके पास कोई जवाब नहीं है। एक भी सदस्य ने संकट से और बेहतर तरीके से निपटने के लिए कोई सुझाव नहीं दिया। किसी ने पानी तो किसी ने सड़क का मुद्दा उठाया। अच्छा होता ये सकारात्मक सुझाव देते। विपक्ष अपना ही जनाजा निकाल रहा है। मुख्यमंत्री ने डेढ़ घंटे तक जवाब दिया और कोरोना से रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कोरोना के मामलों में हिमाचल 25वें स्थान पर है। कुल 7831 मामले सामने आए हैं और रिकवर केस 5444 है। गोवा जैसे राज्य में 21500 केस हैं। त्रिपुरा में कोरोना संक्रमण के 16254 केस हैं। चंडीगढ़ में 6372 मामले कोरोना संक्रमण के हैं। पूरे देश में सबसे बदतर स्थिति महाराष्ट्र की है। वहां पर 27407 लोगों की मौत हो गई है। पंजाब में 1990 लोगों की मौत हो गई है। छत्तीसगढ़ में 407 लोगों की मौत हुई है। कांग्रेस हमें बता रही है कि प्रबंधन क्या होता है।