PIT NDPS के तहत 3 सक्रिय तस्कर 3 माह के लिए जेल, 28 दिनों में 21 आदतन अपराधी सलाखों के पीछे
शिमला। नशे के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति पर कड़ाई से अमल करते हुए जिला पुलिस शिमला ने NDPS Act के तहत तीन सक्रिय और आदतन नशा तस्करों को डिटेंशन आदेश के आधार पर तीन-तीन माह के लिए जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त करने, संगठित आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इंदर देव उर्फ दानु (41), निवासी मंधोरपाट, जिला शिमला, लंबे समय से नशा तस्करी गतिविधियों में संलिप्त पाया गया। उसके विरुद्ध वर्ष 2022 से 2025 के बीच विभिन्न थानों में हेरोइन/चिट्टा व अफीम की बरामदगी के कई मामले दर्ज हैं। पंजाब और हिमाचल के विभिन्न जिलों में दर्ज मामलों के अतिरिक्त उसके खिलाफ कुल 52 आपराधिक प्रकरण पाए गए हैं, जिनमें NDPS, आबकारी, चोरी-सेंधमारी, सड़क दुर्घटना और मारपीट से जुड़े मामले शामिल हैं। 22 फरवरी 2026 को उसे हिरासत में लेकर तीन माह के लिए जेल भेज दिया गया।
इसी क्रम में दीपक ठाकुर (35), निवासी छोटा शिमला, के विरुद्ध भी PIT NDPS अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वर्ष 2021 में उसके पास से 64.34 ग्राम हेरोइन तथा वर्ष 2025 में 5.480 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी बार-बार नशा तस्करी में लिप्त पाया गया, जिसके चलते उसे भी तीन माह की नजरबंदी में भेजा गया है।
संजीव कुमार उर्फ घोड़ा (34), निवासी ठियोग, को भी 22 फरवरी 2026 को डिटेंशन आदेश के तहत हिरासत में लेकर जेल भेजा गया। उसके खिलाफ वर्ष 2020 से 2025 के बीच थाना ढली में हेरोइन बरामदगी के चार अलग-अलग मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों की गतिविधियां नशे के अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रही थीं, जिन्हें रोकना आवश्यक था।
शिमला पुलिस ने बताया कि पिछले 28 दिनों में 21 आदतन व संगठित नशा तस्करों को डिटेंशन आदेश के आधार पर तीन माह के लिए जेल भेजा जा चुका है। निवारक निरोध का उद्देश्य मादक पदार्थों के अवैध व्यापार की श्रृंखला को तोड़ना, संगठित तस्करी नेटवर्क को समाप्त करना और अपराधियों को भविष्य में पुनः अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने से रोकना है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 8894728001 या निकटतम पुलिस थाना/हेल्पलाइन पर दें। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशा तस्करी में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और हिमाचल को नशामुक्त बनाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।


