कहा केंद्र का बजट सराहनीय, चहुमुखी विकास पर है आधारित
रेणुका गौतम कुल्लू : “आरडीजी ( रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट) को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार बेवजह ही केंद्र सरकार पर धावा बोल रही है और केंद्र द्वारा चहुमुखी विकास पर केंद्रित बजट की आलोचना करने में जुटी है,” यह बात विधानसभा क्षेत्र नाचन के विधायक विनोद कुमार द्वारा कुल्लू में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही गई। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास का केंद्र द्वारा तैयार बजट में पूरी तरह से ध्यान रखा गया है, जिसे प्रदेश सरकार सराहना नहीं चाहती।
विधायक विनोद कुमार ने कहा कि केंद्र द्वारा तैयार बजट में देश के कुल 17 प्रदेशों की आरडीजी बंद की गई है। हालांकि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने भी केंद्र के इस कदम को सराहा है, लेकिन न जाने क्यों हिमाचल की कांग्रेस सरकार ही इसे लेकर इतना हो-हल्ला कर रही है। किसानों, महिलाओं के विकास हेतु प्रशंसनीय पहल की गई है। इतना ही नहीं चाहे कृषि हो, फार्मा सेक्टर हो, उद्योग हो पर्यटन हो या फिर इन्फ्रास्ट्रक्चर की मजबूती हो, हर क्षेत्र के विकास को ध्यान में रख कर ही बजट तैयार किया गया है।
केंद्र सरकार के बजट को बेहतर बताते हुए विधायक ने जब हिमाचल प्रदेश में रेलवे नेटवर्क के विस्तार की बात की तो प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि रेलवे के विस्तार में प्रदेश कांग्रेस खुद अड़ंगा साबित हो रही है। क्योंकि योजना अनुसार अभी तक पिछले तीन वर्षों से इस कार्य हेतु प्रदेश द्वारा ₹1900 करोड़ केंद्र को नहीं दिए गए हैं, जिससे साफ तौर पर जाहिर है कि प्रदेश की सत्तारूढ़ सरकार खुद नहीं चाहती कि यहां कुछ भी विकासात्मक काम हो सके।
वर्तमान प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए विधायक विनोद कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की वह बात आज सच साबित हो रही है, जिसमें उन्होंने कहा था कि जब सुखविंदर सिंह प्रदेश का मुखिया बनेगा तो पूरे प्रदेश घाटे में चला जाएगा और यह बात आज सबके सामने सच साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा बार-बार विभिन्न मंचों से यह कहा जाता रहा है कि 2027 तक हिमाचल विकसित राज्य बनेगा। लेकिन आज जो प्रदेश के हालात है, उन हालातो से कांग्रेस सरकार पहले निपट ले। आज सभी विधायकों की विधायक निधि भी सरकार के द्वारा बंद की गई है और जनता से जुड़े हुए विकास कार्य भी ठप्प पड़े हुए हैं। केंद्र बजट को बेहतर बताते हुए विधायक ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार योजनाबद्ध तरीके से कदम उठाए तो बहुत कुछ विकासात्मक कार्य किए जा सकतें हैं।

