Sunday, September 14, 2025
Homeशिमलापूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर हिमाचल में रहेगा तीन दिन...

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर हिमाचल में रहेगा तीन दिन का राजकीय शोक ..अंतिम दर्शन के लिए रिज पर और उसके बाद कांग्रेस भवन में रखा जाएगा पार्थिव शरीर

शिमला : हिमाचल प्रदेश के लिए आज का दिन सुबह होने के साथ ही शोक की लहर लेकर आया और हिमाचल प्रदेश के हर दिल अजीज जननेता वीरभद्र सिंह नही रहे।

हिमाचल की राजनीति में अबतक का सबसे बड़ा ओहदा रखने वाले वीरभद्र सिंह के निधन की खबर सामने आने के साथ ही साथ पूरे प्रदेश भर में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, पूर्व सीएम के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके निजी आवास हॉली लॉज लाया गया है। हिमाचल प्रदेश के मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्‍य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया है।

शोक के दौरान प्रदेश में कोई सरकारी मनोरंजन संबंधी कार्यक्रम नहीं होंगे। प्रदेश के सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे। तीन दिन तक राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश में आठ से 10 जुलाई तक राजकीय शोक रहेगा।

रिज पर अंतिम दर्शन के लिए रखी जाएगी वीरभद्र की पार्थिव देह
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पार्थिव शरीर शुक्रवार को पहले रिज मैदान पर लोगों के दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर प्रदेश कांग्रेस के दफ्तर राजीव भवन ले जाया जाएगा और वहां पर पार्टी नेता कार्यकर्ता श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

जयराम ठाकुर बोले, वीरभद्र सिंह का हिमाचल के विकास में अनुकरणीय योगदान
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा देवभूमि हिमाचल के छह बार मुख्यमंत्री रहे हिमाचल के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह के निधन का समाचार हम सबके के लिए बेहद दुःख देने वाला है। हिमाचल के लिए यह एक अपूर्णीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं होगी। हिमाचल के विकास में उनका योगदान अनुकरणीय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जाएगा।

Most Popular