सुंदरनगर। हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर क्षेत्र के नायब सूबेदार भूपेंद्र सिंह ने दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी Mount Aconcagua पर तिरंगा फहराकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। 22 फरवरी 2026 को दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर उन्होंने लगभग 6,961 मीटर ऊंची इस दुर्गम चोटी पर पहुंचकर देश का ध्वज लहराया।
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान और जवाहर पर्वतारोहण संस्थान के संयुक्त दल के सदस्य के रूप में इस अभियान का हिस्सा बने भूपेंद्र सिंह ने विपरीत मौसम, तेज बर्फीली हवाओं और ऑक्सीजन की कमी जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
माउंट एकांकागुआ को पर्वतारोहियों के लिए बेहद कठिन शिखरों में गिना जाता है। ऐसे में सुंदरनगर के वीर सपूत की यह सफलता न केवल भारतीय सेना की शौर्य परंपरा को दर्शाती है, बल्कि हिमाचल के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी है।
इस उपलब्धि की खबर मिलते ही सुंदरनगर सहित पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। विधायक राकेश जमवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भूपेंद्र सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


