शिमला : नई दिल्ली में हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए ठहरने की व्यवस्था की जा सकती है। सीएम जयराम ठाकुर ने कांग्रेस विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू के इस सुझाव पर विचार करने को कहा। सुक्खू ने प्रश्नकाल में सुझाव दिया कि प्रदेश सरकार ने राज्य से बाहर कहां-कहां पर भूमि की खरीद की है। उन्होंने द्वारका या अन्य स्थान पर बनाए जा रहे भवन निर्माण के उद्देश्य की भी जानकारी चाही। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि गुजरात में जमीन खरीदी गई है। वहां स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के साथ हिमाचल का भवन बनाया जा रहा है। यहां सभी राज्यों के निर्माण हो रहे हैं।
जहां तक दिल्ली की बात है तो विधायक और हिमाचल के बहुत से लोग वहां जाते हैं। हिमाचल भवन और हिमाचल सदन प्रदेश के लोगों के लिए अच्छी सेवाएं दे रहे हैं लेकिन कई बार ठहरने की जरूरत पूरी नहीं हो पाती है। दिल्ली में 2019 में जमीन खरीदी गई है। यहीं साथ में बिहार भवन भी बन रहा है। यहां 85 कमरों का निर्माण प्रस्तावित है। जहां तक नई दिल्ली में बच्चों के ठहरने की व्यवस्था की बात है तो यह सुझाव दिया गया है कि हिमाचल के बच्चे जो दिल्ली जाते हैं, उन्हें समस्या होती है। विद्यार्थियों के लिए भी इस तरह की व्यवस्था हो सकती है। इस बारे में विचार किया जाएगा।