बिलासपुर: आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र में 12 अगस्त से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा की अगुवाई में तिरंगा यात्रा की शुरुआत 12 अगस्त को सुबह 11 बजे मलोखर से होगी। इस यात्रा के तहत विधानसभा क्षेत्र के हर घर पर तिरंगा लगाने तथा आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रकाश डालने के साथ ही लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई भी दी जाएगी।
वीरवार को यहां जारी बयान में नयनादेवी भाजपा अप्पर मंडल अध्यक्ष लेखराम ठाकुर तथा महामंत्री रूपलाल भट्टी व प्रकाश ठाकुर ने कहा कि नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 12 से 14 अगस्त तक निकाली जाने वाली इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को देश के गौरवशाली इतिहास से अवगत करवाने के साथ ही उनमें देशभक्ति की भावना विकसित करना है। राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा की अगुवाई में इस यात्रा का शुभारंभ 12 अगस्त को सुबह 11 बजे मलोखर से होगा। मलोखर के बाद तिरंगा यात्रा 11.30 बजे लाड़ाघाट, 12 बजे खारसी, 12.30 बजे रानीकोटला, 1 बजे जब्बल पुल, 2 बजे गसौड़, 2.30 बजे जुखाला, 3 बजे पटवारखाना व 3.30 बजे ब्रह्मपुखर होते हुए दोपहर बाद 4 बजे नम्होल पहंुचेगी। 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा कोठीपुरा से शुरू होगी। उन्होंने लोगों का आह्वान किया है कि वे देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता बढ़चढ़ कर सुनिश्चित करें।
चंदेल/बिलासपुर


