*वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों का आशीर्वाद, जड़ोल में 61 किलो लड्डू वितरित *
सुंदरनगर :हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का 61वां जन्मदिवस भाजपा सुंदरनगर द्वारा बुजुर्गों के साथ सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उत्सव को केवल औपचारिकता न बनाकर सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं से जोड़ा गया।
जन्मदिवस के उपलक्ष्य में वृद्ध आश्रम देहरी में सादगीपूर्वक मनाया जिसमें सुंदरनगर के विधायक राकेश जमवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक राकेश जमवाल ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनका हालचाल जाना और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन के लिए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान जन्मदिवस बुजुर्गों के साथ सादगी और सम्मान के साथ मनाया गया, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक गरिमा प्रदान की।
विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का जीवन सादगी, सेवा और संवेदनशील नेतृत्व का जीवंत उदाहरण है। उनका जन्मदिवस केवल केक काटने या औपचारिक उत्सव तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के उन वर्गों के साथ मनाने का अवसर है जिन्होंने जीवन का लंबा अनुभव और आशीर्वाद दिया है। बुजुर्गों का सम्मान भारतीय संस्कृति की आत्मा है और भाजपा इसी संस्कार को आगे बढ़ा रही है।
इसके उपरांत जड़ोल में जयराम ठाकुर के 61 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां 61 किलो लड्डुओं का वितरण किया गया तथा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में केक काटकर जन्मदिवस मनाया गया। क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रति अपना स्नेह, सम्मान और विश्वास व्यक्त किया।
विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि जयराम ठाकुर ने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव आमजन की भावनाओं और जरूरतों को प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने प्रदेश को सुशासन और विकास की स्पष्ट दिशा दी और आज नेता प्रतिपक्ष के रूप में जनहित के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठा रहे हैं। उनका नेतृत्व कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक राकेश जमवाल ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सुंदरनगर आगे भी सेवा, संस्कार और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना के साथ ऐसे आयोजन करती रहेगी। जयराम ठाकुर का जन्मदिवस बुजुर्गों के साथ मनाकर एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश दिया गया।




