निरमंड (कुल्लू) : प्रदेश में लगातार भारी बारिश का क्रम जारी है। जिला कुल्लू में बादल फटने का मामला सामने आया है। आज सुबह भारी बारिश होने से जिला कुल्लू के बागीपुल के समीप बागा सराहन पंचायत के गांव चनाईगाड के पीछे पहाड़ी पर बादल फटा। बादल फटने से पहाड़ी के नीचे बसे गांव की कई घरों में मलबा चला गया, वहीं लोगों ने भागकर अपनी जान बचा ली। बादल फटते ही गांव में अफरा तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी प्रशासन को दी है।
बादल फटने से बाढ़ आ गई है। आधा दर्जन मकानों में मलबा आ गया। सुबह ठीक पांच बजे बादल फटा बताया जा रहा है। 26 लोगों को वहां से सुरक्षित निकाला गया है। कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आई बताई जा रही हैं। मलबा आने का क्रम जारी है। मलबे से घरों के ठीक पीछे खेत और रास्ते को भारी नुकसान पहुंचा है। पंचायत प्रधान प्रेम ठाकुर ने कहा कि सुबह करीब पांच बजे पहाड़ी में बादल फटने से बाढ़ आई, चनाईगाड में रह रहे परिवारों के कुछ सदस्यों को हल्की चोटें पहुंची हैं। हालांकि सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। पंचायत की ओर से तुरंत स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। सभी घरों को खाली करवा लिया गया है।