शिमला। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में सपन्न हुए उपचुनावों में सत्तासीन दल भारतीय जनता पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा था। अब इस शर्मनाक हार पर कल से हिमाचल बीजेपी के कोर ग्रुप के नेता मंथन करने जा रहे हैं। इसके लिए राजधानी शिमला में स्थित पीटरहॉफ होटल में कल बैठक का आयोजन किया जाएगा।
24 से लेकर 26 नवंबर तक चलने वाली इस बैठक को लेकर प्रदेश भाजपा के कई नेताओं की धुकधुकी बढ़ गई है। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह नेताओं से पूछेंगे कि हिमाचल में सत्तासीन होने के बावजूद पार्टी किन कारणों से हारी। वहीं, हिमाचल प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार और कई अन्य प्रमुख प्रादेशिक नेता बैठक में भाग लेंगे।
इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप करेंगे। बैठक में मंथन के बाद रिपोर्ट बनेगी। इसे सौदान सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को देंगे। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी विचार-विमर्श करेंगे। इसके बाद अगले साल के विधानसभा चुनाव को लक्षित कर बड़े फैसले संभावित हैं। इन निर्णयों में सरकार और संगठन के स्तर पर कई चेहरे नप सकते है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 26 नवंबर को भाजपा विधायक दल की बैठक भी बुलाई है। यह बैठक प्रदेश कार्यसमिति की तीसरे दिन की बैठक के संपन्न होने के बाद सायं छह बजे होगी। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सभी भाजपा विधायकों को सूचित कर दिया है। इसमें भी हार के कारणों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी।