Wednesday, August 6, 2025
Homeकुल्लूअटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से तांदी के मध्य जगह-जगह हिमस्खलन

अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से तांदी के मध्य जगह-जगह हिमस्खलन

रेणुका गौतम

कुल्लू: मनाली-केलांग मार्ग पर शनिवार को जगह-जगह हिमस्खलन हुआ, जिससे बीआरओ सहित राहगीरों को खासी परेशानी से दो-चार होना पड़ा। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से तांदी के बीच तकरीबन 6 स्थानों पर हिमस्खलन हुआ। हालांकि बीआरओ के जवान दिन भर सड़क बहाली के काम में जुटे रहे, लेकिन राहगीरों को काफी दिक्कत हुई । सुबह 10 बजे के बीच छुरपक से मूलिंग पुल के बीच 2 जगह हिमस्खलन हुआ। बीआरओ के जवान हिमस्खलन को हटा ही रहे थे कि अचानक से मूलिंग पुल से दालंग मैदान के बीच हिमस्खलन हो गया। गौरतलब है कि बीआरओ ने मनाली-केलांग मार्ग चार पहिया वाहनों के लिए कल बहाल कर दिया था। हालांकि आम लोगों को आने-जाने की अनुमति नहीं है, लेकिन आपात स्थिति में आने-जाने वाले लोग प्रशासन की अनुमति से अटल टनल होते हुए जा रहे हैं। लाहौल में बर्फबारी से अस्त-व्यस्त हुआ जनजीवन अब पटरी पर लौटने लगा है। हालांकि हिमस्खलन की आशंका को लेकर प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा है लेकिन अब लोग धीरे-धीरे घरों से बाहर निकलने लगे हैं।
वहीं अटल टनल पार करने वाले वाहन चालकों टशी व समपेल बोध ने बताया कि बीआरओ के सड़क बहाल करने से सफर आरामदायक हो गया है लेकिन फिर भी सुबह-शाम सड़क पर पानी जमने से वाहन चलाना बहुत जोखिम भरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि जगह-जगह हिमस्खलन होने से बीआरओ सहित वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। वहीं 38 बीआरटीएफ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि शनिवार को दिन भर जगह-जगह हिमस्खलन होता रहा। उन्होंने बताया कि बीआरओ सड़क बहाल रखने का हरसंभव प्रयास कर रहा है।

Most Popular