संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर : दिल्ली से चोरी-छिपे बिना इजाजत एक व्यक्ति चौंतड़ा पहुंच गया। गांव में पहुंचने पर स्वजनों व गांववासियों ने उसे देखा तो सतर्कता बरतते हुए घर के अंदर नहीं आने दिया और तीन घंटे सड़क पर बैठाए रखा। इसके बाद प्रशासन की टीम उसे अपने साथ संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर ले गई। उसके पास दिल्ली से आने की कोई इजाजत नहीं थी। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
चौंतड़ा पंचायत के भटेहड़ गांव का रहने वाला यह व्यक्ति मंगलवार देर शाम को अपने गांव पहुंचा। 32 वर्षीय उक्त व्यक्ति दिल्ली में गाड़ी चलाता है। वहां पर कोरोना फैलने के बाद 21 जून को दोपहरबाद दिल्ली के लोकल बस अड्डे के करोलबाग बाईपास से कई वाहनों में लिफ्ट लेकर चौंतड़ा पहुंचा। रास्ते में जहां नाके होते वहां प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर पैदल उन्हें पार करता। दिल्ली से चौंतड़ा पहुंचने के लिए उक्त व्यक्ति ने टैक्सी और स्कूटी आदि में लिफ्ट ली, साथ ही चौंतड़ा से भटेहड़ तक पैदल सफर किया। अब उसको संस्थागत क्वारंटाइन कर दिया गया है। अगर वह कोरोना पॉजिटिव निकलता है तो कई लोगों की जान खतरे में डाल सकता है।
लापरवाही और सरकारी आदेश के उल्लंघन पर जोगेंद्रनगर पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इससे पहले भी एक कोरोना मरीज अपने परिवार सहित जोगेंद्रनगर पहुंची थी। उनके खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। एसडीएम अमित मेहरा ने सूचना मिलते ही उक्त व्यक्ति को संस्थागत क्वारटाइन कर दिया गया है।
दिल्ली से बिना अनुमति चौंतड़ा पहुंचे एक व्यक्ति की जानकारी पुलिस को मिली है। उसे संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया है। इसने यहां पहुंचने के पैदल व कई वाहनों में लिफ्ट ली है। इस मामले पर संबंधित विभाग और लोगों के बयान दर्ज करने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।