Sunday, September 8, 2024
Homeराजनीतिहिमाचल में पति-पत्नी और मित्रों की सरकार चल रही है: बिंदल

हिमाचल में पति-पत्नी और मित्रों की सरकार चल रही है: बिंदल

देहरागोपीपुर (कांगड़ा) : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है सुक्खू सरकार ने अपने 18 महीनों के शासन काल में 12 बहानों के अलावा कुछ नहीं किया है। क्योंकि हिमाचल में पति-पत्नी और मित्रों की सरकार चल रही है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ढलियारा में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी को टिकट देने से कांग्रेस के अंदर ज्वालामुखी धधक रहा है और 10 जुलाई के बाद यह ज्वालामुखी फट जाएगा। मुख्यमंत्री कहते हैं कि वह पत्नी को चुनाव नहीं लड़ाना चाहते थे लेकिन उनकी मजबूरी है क्योंकि हाईकमान का आदेश है। बिंदल ने कहा कि कोई मजबूर मुख्यमंत्री जन कल्याण नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि वर्ष में एक लाख नौकरियां देने बाली कांग्रेस में नौकरी देने वाले संस्थान को ही बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में अव्यवस्था का आलम है और प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। मुख्यमंत्री के करीबी के बेटे को पुलिस ने दूसरे राज्य से शार्प शूटर बुलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आए दिन हत्या, चोरी, ड्रग्स और चिट्टे के मामले बढ़ रहे हैं। सरकार का ऐसे लोगों को सरंक्षण प्राप्त है। मुख्यमंत्री दो दर्जन से ज्यादा मित्रों को कैबिनेट रैंक और अन्य ओहदे बांट चुके हैं लेकिन गरीबों के लिए उनकी सरकार का खजाना खाली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा खजाना खाली होने का रोना रोते रहते हैं अगर खजाना हो खाली है तो विकास कहां से होगा। बिंदल ने कहा कि प्रदेश में हो रहे उपचुनावों के लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। उनकी योजना के तहत तीन निर्दलीय विधायकों के त्यागपत्र स्वीकार नहीं किए गए। यदि समय पर त्यागपत्र स्वीकार किए होते तो लोकसभा चुनावों के साथ यह चुनाव भी हो जाते और जनता पार अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ता। अपने आप को मजबूत मुख्यमंत्री कहने वाले सुक्खू के कार्यकाल में भाजपा ने लोकसभा की चारो सीटें जीती और मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र से भी भाजपा को बढ़त लेने से नहीं रोक पाए। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्ज लेने में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। कांग्रेस सरकार 18 माह में 30 हजार करोड़ कर्ज ले चुकी है और 9 हजार करोड़ कर्ज लेने की तैयारी है। बिंदल ने कहा कि आपदा के समय केंद्र सरकार ने प्रदेश सरकार को चार हजार करोड़ की सहायता प्रदान की लेकिन प्रदेश सरकार ने उसमे भी भाई भतीजावाद को बढ़ावा दिया। बिंदल इन दावा किया कि प्रदेश में हो रहे उपचुनाव की तीनों सीटें भाजपा जीतेगी। इस अवसर पर देहरा के चुनाव प्रभारी विपिन सिंह परमार, सह प्रभारी बिक्रम ठाकुर, संयोजक राकेश जंबाल, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी विश्व चक्षु, जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Most Popular