रेणुका गौतम
भाषा व संस्कृति विभाग का कोरोना योद्धाओं के सम्मान का नायाब तरीका

कुल्लू: मौजूदा महामारी के दौरान भाषा एवं संस्कृति विभाग ने लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन के साथ-साथ जनता को जागरूक करने के लिए भी कमर कस ली है । गौरतलब है कि वर्तमान समय में जब पूरी दुनिया कोरोना महामारी के संकट से जूझ रही है, शासन और प्रशासन इस संकट से निपटने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में भाषा एवं संस्कृति विभाग ने जिला के विभिन्न भागों में महत्वपूर्ण स्थलों पर खूबसूरत चित्रकारी के माध्यम से लोगों को जहां सामाजिक दूरी व मास्क के प्रयोग का एक प्रभावशाली संदेश देने की कवायद शुरू कर दी है, वहीं इस चित्रकारी के माध्यम से कोरोना योद्धाओं के सम्मान की झलक भी नजर आ रही है।
जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की निदेशक कुमुद सिंह के दिशा-निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में विभिन्न स्थानों पर ऐसे चित्र बनाए जाएंगें,जिसमें प्रत्येक जिले की संस्कृति की झलक तो दिखाई देगी ही, साथ ही ये चित्रकारी सामाजिक दूरी व कोरोना योद्धाओं को समर्पित भी होगी। उन्होंने कहा कि यह चित्रकारी ऐसे महत्वपूर्ण स्थलों पर बनाई जा रही है जहां लोगों की आवाजाही बड़ी संख्या में रहती हैं। चित्रकारी एक प्रोफेशनल चित्रकार द्वारा अनेक आकर्षक रंगों में तैयार की जा रही है जो देखते ही किसी का भी मन मोह लेती है। जिसके चलते पास से गुजरने वाला कोई भी व्यक्ति चित्रकारी की इस कला को टकटकी लगाकर देखने को मजबूर हो जाता है । यह चित्रकारी लोगों के लिए सामाजिक दूरी बनाने तथा मास्क का प्रयोग का भी संदेश लिए हुए है ।
जिला भाषा अधिकारी ने कहा कि विभाग ने चित्रकारी की शुरूआत उपायुक्त कार्यालय कुल्लू से की गई है। समतल दीवारों पर अंकित की जा रही यह चित्रकारी देखने में भी बेहद आकर्षक है। इसमें जिला की संस्कृति का बखूबी प्रदर्शन किया गया है। इसी प्रकार, क्षेत्रीय अस्पताल में भी सामाजिक दूरी व कोरोना योद्धाओं को समर्पित चित्र बनाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक जनता इन चित्रों में छुपे संदेश से प्रेरित हो सके ।

