Renuka goutam
अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत
कुल्लू: जिला सहकारी संघ सीमित कुल्लू द्वारा आज सरवरी स्थित सहकार भवन परिसर में 68वां जिला स्तरीय सहकारिता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त शिपम प्रताप सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व बागवानी मंत्री सत्या प्रकाश ठाकुर ने की। मुख्यातिथि द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ सहकारी ध्वजारोहण कर किया गया।
इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह ने कहा कि जिला कुल्लू में भुट्टिको की 34 दुकानें कार्यरत हैं तथा वर्तमान में कुल्लू शॉल को भुट्टिको के नाम से ही जाना जाता है। इसके लिए उन्होंने भुटिको के अध्यक्ष सत्या प्रकाश ठाकुर का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 17 लाख से अधिक लोग प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहकारी सभाओं से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सहकारी सभाओं को सरकार तथा जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना में 60 लाख के लोन पर 15 लाख रूपए की सब्सिडी प्रदान की जाती है तथा इस पर देय ब्याज 9 प्रतिशत में से 5 प्रतिशत सरकार की ओर से तथा केवल 4 प्रतिशत ही लाभार्थी को देना होता है। उन्होंने कहा कि जिला सहकारी संघ सहकारिता से जुड़ी हर समस्या को जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हेैं।
इस अवसर पर मुख्यातिथि ने सहाकारी सभाओं की उपलब्धियों पर आधारित 'सहकार शिखर' पत्रिका का विमोचन भी किया। उन्होंने सहकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जिला की 15 सहकारी समितियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। बंजार क्षेत्र से सम्बंध रखने वाले जिला सहकारी संघ के पूर्व निदेशक स्व. राम सिंह ठाकुर को भी मरणोपरांत लाईफटाईत अचीवमैंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कुल्लू, नग्गर, बंजार, आनी तथा निरमंड विकास खंड की सहकारी सभाओं के निरीक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष सत्या प्रकाश ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा सहकारी सभाओं की गतिविधियों तथा सहकारिता आंदोलन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहकारी डीपू बनाए जाएं, ताकि अनाज की कमी न हो, व्यापार बढ़े और गरीबों की सेवा की जा सके। उन्होंने कहा कि जिला बुनकर सहकारी समितियां मतबूत हैं तथा लोगों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज सहकारी सभाओं को और सुदृढ़ तथा आत्मनिर्भर करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन की जरूरत है। उन्होंने सहकारी सभाओं में खाली पदों को भरने का भी आग्रह किया।
इस अवसर पर कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक की निदेशक प्रेमलता ठाकुर, लाहौेल आलू उत्पादक सहकारी सभा के पूर्व अध्यक्ष नोरबू बारंगप्पा, जिला सहकार संघ के निदेशक बलदेव सिंह, चरण दास डोगरा , तिलक राज कपूर तथा निरीक्षक सहकारी सभाएं लाभ सिंह ने भी विस्तार से विचार व्यक्त किए। हिमफैड के निदेशक अमत सिंह सकलानी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर जिला सहकारी संघ के उपाध्यक्ष डोला सिंह महंत, निदेशक श्रीमती उर्मिला सूद तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।


